कोरबा में 100 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों का हुआ सम्मान, सांसद ज्योत्सना महंत ने शाल-श्रीफल भेंट कर लिया आशीर्वाद।
सियान गुड़ी’ केंद्रों के माध्यम से योग, स्वास्थ्य जांच, डिजिटल साक्षरता एवं मनोरंजन जैसी सुविधाओं की दी गई जानकारी

मॉर्निंग माइंड कोरबा – समाज कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं जय शकुंतला वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में आयोजित गरिमामयी समारोह में कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत ने 100 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, सेवा और सामाजिक सहभागिता का भाव देखने को मिला।

अपने संबोधन में सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि “वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को सही दिशा मिलती है। बुजुर्गों का सम्मान और उनकी देखभाल केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने समाज में बुजुर्गों के सम्मान और उनकी आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील रहने का आह्वान किया।


इस अवसर पर रतन दीप गुप्ता (वाइस प्रेसिडेंट), अंजली बंजारे (डाटा एंट्री ऑपरेटर), बीरा दास महंत (बालको) सहित अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं उनके कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज
में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना तथा उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




