Blogअपराधकोरबाब्रेकिंग न्यूज़

सूने मकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी, अलमारी तोड़ सोना-चांदी व नकदी ले उड़े चोर।

मॉर्निंग माइंड कोरबा –  सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर स्थित सिंचाई कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया, अलमारी तोड़कर उसमें रखे सोना-चांदी के जेवर, नकदी एवं अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद घर का पूरा सामान बिखरा छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित भारत लाल साहू, सिंचाई विभाग में कार्यरत हैं और सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर क्रमांक HPT A2/25 में परिवार सहित निवास करते हैं। गुरुवार को वे किसी आवश्यक कार्य से घर से बाहर गए हुए थे और मकान में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया।
शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर भारत लाल साहू घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी और घर का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, लगभग 30 से 35 हजार रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2 से 2.5 लाख रुपये आंकी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की सहायता से साक्ष्य जुटाए गए, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में बीते कुछ समय से चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सूने मकानों और दुकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।
पीड़ित भारत लाल साहू ने पुलिस से चोरी गए सामान की शीघ्र बरामदगी एवं आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button